CG News : दुर्गम बैगा अंचल में पहुंचीं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं, छिरहिट्टी शिविर में 164 ग्रामीणों का हुआ निःशुल्क इलाज
CG News : छत्तीसगढ़ सरकार की दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की पहल के तहत गौरेला विकासखंड के बैगा आदिवासी बहुल ग्राम छिरहिट्टी (साल्हेघोरी) में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें निःशुल्क उपचार, परामर्श तथा दवाइयां उपलब्ध कराईं। इससे दूर-दराज के लोगों को अपने गांव के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी मुफ्त चिकित्सा सुविधा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कुल 164 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया। शिविर में हड्डी रोग, महिला रोग, नेत्र रोग और मेडिसिन विशेषज्ञों सहित कई चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर सरकार का फोकस
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों और दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बीमारियों की समय पर पहचान, उपचार और जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों तक रेफर किया जा सके। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण, मौसमी बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक, चाहे वह कितने भी दुर्गम क्षेत्र में रहता हो, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।



