CG News: गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान को 5-स्टार रेटिंग, राष्ट्रीय स्तर पर देश की 206 खदानों में मिला 20वां स्थान
CG News: छत्तीसगढ़ की गारे पेलमा सेक्टर-III कोयला खदान ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है. छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अधीन संचालित इस खदान को भारत सरकार के कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग में 5-स्टार श्रेणी से सम्मानित किया गया है. वित्तीय वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन में खदान को 92 प्रतिशत अंक मिले हैं. इसके साथ ही देश की 206 ओपनकास्ट कोयला खदानों में इसे 20वां स्थान प्राप्त हुआ है.

लगातार पांच साल से मिल रहा प्रथम पुरस्कार
गारे पेलमा सेक्टर-III खदान की उपलब्धियों का सिलसिला लगातार जारी है. खदान को पिछले पांच वर्षों से खान मंत्रालय की ओर से प्रथम पुरस्कार मिलता रहा है. अब 5-स्टार रेटिंग और राष्ट्रीय स्तर पर 20वीं रैंक हासिल होने से इसकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है. यह सम्मान कोयला उत्पादन के साथ सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल में किए जा रहे प्रयासों को भी दर्शाता है.
CM साय ने दी बधाई
खदान को मिली इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है. उन्होंने इस सफलता को पूरी टीम की मेहनत, जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया. उनके अनुसार, बेहतर खनन प्रबंधन से प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और औद्योगिक विकास को गति देने में मदद मिलती है.

नवा रायपुर के समारोह में मिला 5-स्टार सम्मान
कोयला मंत्रालय की ओर से खदान को सम्मानित करने के लिए नवा रायपुर स्थित मेफेयर लेक रिसॉर्ट में स्टार रेटिंग अवार्ड समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि रहे. इस दौरान जनरेशन कंपनी को सम्मानित किया गया. पावर कंपनी के चेयरमैन सुबोध कुमार सिंह के लिए खदान की उपलब्धि की ट्रॉफी जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक एसके कटियार ने भेंट की.
अलग-अलग मानकों पर परखी जाती हैं कोयला खदानें
कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली में खदानों का मूल्यांकन केवल उत्पादन के आधार पर नहीं किया जाता. इसके लिए सात प्रमुख मानक निर्धारित किए गए हैं. इनमें खनन कार्यों की दक्षता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक का उपयोग, वित्तीय प्रदर्शन, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन, श्रमिक कल्याण और सुरक्षा व्यवस्था शामिल हैं. इन सभी क्षेत्रों में खदान के प्रदर्शन के आधार पर उसकी रेटिंग तय की जाती है.
सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को दी जा रही प्राथमिकता
गारे पेलमा सेक्टर-III खदान में कोयला उत्पादन और प्रेषण के निर्धारित लक्ष्यों के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा और पर्यावरणीय नियमों के पालन पर भी ध्यान दिया जा रहा है. खनन गतिविधियों में वैज्ञानिक पद्धतियों और आधुनिक तकनीक को अपनाने पर जोर है. लगातार पांच वर्षों तक प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने के बाद अब 5-स्टार रेटिंग और 20वीं राष्ट्रीय रैंकिंग मिलना कंपनी के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ की ऊर्जा उत्पादन व्यवस्था के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. कोयला खदानों का बेहतर संचालन बिजली उत्पादन के लिए ईंधन की उपलब्धता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है. साथ ही सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल खनन की दिशा में किए जा रहे प्रयास प्रदेश के औद्योगिक विकास और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती देने में सहायक हो सकते हैं.
