CG News: राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन से किसानों को मिला संबल, 25 किसानों को वितरित किए गए उन्नत मूंगफली बीज
CG News: तिलहनी फसलों के उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पेंड्रा विकासखंड के ग्राम कोटमीकला में राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ) के तहत चयनित किसानों को उन्नत गुणवत्ता वाले मूंगफली बीज वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

25 किसानों को मिला उन्नत बीज
कार्यक्रम के दौरान 10 हेक्टेयर प्रदर्शन क्षेत्र के लिए चयनित 25 किसानों को प्रमाणित मूंगफली बीज प्रदान किए गए। कृषि अधिकारियों ने बताया कि उन्नत किस्म के बीजों के उपयोग से उत्पादन क्षमता बढ़ती है और फसल की गुणवत्ता में भी सुधार आता है, बीज वितरण के साथ किसानों को वैज्ञानिक खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। कृषि विशेषज्ञों ने बीज उपचार, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुआई, कीट एवं रोग नियंत्रण, जल संरक्षण और फसल प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन किया।
किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस
कृषि विभाग का कहना है कि योजना का उद्देश्य केवल बीज उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि किसानों को नई तकनीकों से जोड़कर उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि करना है। तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ने से खाद्य तेल उत्पादन में भी आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी, योजना का लाभ पाने वाले किसानों ने गुणवत्तापूर्ण बीज और तकनीकी सहयोग के लिए शासन और कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया। किसानों का मानना है कि आधुनिक खेती और बेहतर बीजों से उत्पादन बढ़ेगा और खेती अधिक लाभकारी बनेगी।
