CG News: पोलियो मुक्त भविष्य की ओर कदम, GPM में 53 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
CG News: राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिलेभर में विशेष टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। जिला चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

53 हजार से ज्यादा बच्चों तक पहुंचेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने जिले में 53 हजार 490 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के पहले दिन जिले के सभी पोलियो बूथों पर बड़ी संख्या में बच्चों को दवा पिलाई गई और अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 और 30 जून को घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच सके। इसके लिए विशेष दलों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ इलाकों में भी तैनात किया गया है।
हर बच्चे तक पहुंचाने की तैयारी
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है तथा दवा, परिवहन और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पहले से कर ली गई है। विभाग का प्रयास है कि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
जनभागीदारी से मिलेगा अभियान को बल
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम का सहयोग करें और सुनिश्चित करें कि परिवार के सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दवा मिले। नियमित टीकाकरण और जनसहभागिता से ही पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को मजबूत किया जा सकता है।

