CG News: सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती से बदली किसान की तकदीर, 80 हजार से बढ़कर 1.5 लाख हुई सालाना आय
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्राम साडरा निवासी 47 वर्षीय किसान खगपति ने आधुनिक खेती और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी खेती की तस्वीर बदल दी है. कभी केवल धान और बारिश पर निर्भर रहने वाले किसान आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन गए हैं.

पारंपरिक खेती से होती थी कम कमाई
खगपति के पास पहले सिंचाई की कोई व्यवस्था नहीं थी. वे पारंपरिक तरीके से केवल धान की खेती करते थे. कम उत्पादन और अधिक लागत के कारण उनकी सालाना आय करीब 80 हजार 250 रुपए तक ही सीमित रहती थी, कृषि विभाग के सहयोग से उनके खेत में नलकूप और सोलर पंप लगाए गए, जिससे सिंचाई की समस्या दूर हो गई. इसके साथ ही उन्होंने एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना के तहत प्रशिक्षण, भ्रमण और संगोष्ठियों में भाग लेकर आधुनिक खेती, फसल विविधीकरण और बेहतर कृषि प्रबंधन की जानकारी हासिल की.

आय बढ़कर पहुंची 1.5 लाख रुपए
पिछले तीन वर्षों से आधुनिक तकनीक अपनाकर खेती करने का परिणाम यह रहा कि खगपति की सालाना आय बढ़कर 1.5 लाख रुपए से अधिक हो गई. यानी उनकी आमदनी लगभग दोगुनी हो गई है, किसान खगपति का कहना है कि सही समय पर सही तकनीक और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेती को भी लाभकारी और मुनाफे का व्यवसाय बनाया जा सकता है.
दूसरे किसानों को भी कर रहे प्रेरित
खगपति अब अपने गांव के किसानों को धान के साथ वैकल्पिक फसलों की खेती और आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. उनका मानना है कि नई तकनीक और वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है.
कृषक उन्नति योजना का उठाएं लाभ
कृषि विभाग ने किसानों से कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने की अपील की है. योजना के तहत यदि कोई किसान पिछले वर्ष धान वाले खेत में इस बार वैकल्पिक फसल बोता है, तो उसे प्रति एकड़ 15 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी. इसके लिए किसान अपने क्षेत्र के कृषि अधिकारी या स्थानीय सहकारी समिति में पंजीयन करा सकते हैं.

