CG News: लोक भवन में दीपावली मिलन समारोह आयोजित, राज्यपाल रमेन डेका ने कर्मचारियों को किया सम्मानित
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोक भवन में दीपावली के अवसर पर विशेष मिलन समारोह का आयोजन किया गया. राज्यपाल रमेन डेका की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन शामिल हुए. समारोह में गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं.

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
दीपावली मिलन समारोह के दौरान लोक भवन परिवार के सदस्यों और बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. गीत-संगीत और नृत्य के कार्यक्रमों ने समारोह को खास बना दिया. बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा. राज्यपाल रमेन डेका ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया.

कर्मचारियों को राज्यपाल ने भेंट किए दीपावली उपहार
समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने लोक भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों को दीपावली के उपहार भेंट किए. उन्होंने सभी के योगदान की सराहना करते हुए त्योहार की खुशियां परिवार के साथ साझा करने का संदेश दिया, इस अवसर पर सत्यम योग संस्थान के सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया. योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए राज्यपाल ने संस्थान के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए.

राज्यपाल ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
राज्यपाल रमेन डेका ने सभी को दीपावली की बधाई देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार प्रेम, सद्भाव, सहयोग और भाईचारे का संदेश देता है. ऐसे आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने और पारिवारिक आत्मीयता बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं, कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे सहित लोक भवन के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन उपस्थित रहे.

