CG News: CM साय ने पैरा खिलाड़ियों को किया सम्मानित, तोमन कुमार को 51 लाख और अभिजीत को 31 लाख मिलेंगे
CG News: छत्तीसगढ़ के दो पैरा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है. एशियन पैरा गेम्स 2026 में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सम्मानित किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके लिए लाखों रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की.

तोमन कुमार को मिलेंगे 51 लाख रुपए
बालोद जिले के नवागांव निवासी तोमन कुमार ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. वह पूर्व सीआरपीएफ जवान हैं. वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा था. इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी का अभ्यास शुरू किया. लगातार मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया.

अभिजीत सखूजा ने बैडमिंटन में जीता कांस्य पदक
बिलासपुर के रहने वाले अभिजीत सखूजा ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है. बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना करने वाले अभिजीत ने पैरा बैडमिंटन को अपना लक्ष्य बनाया. कठिन अभ्यास और निरंतर मेहनत के दम पर उन्होंने एशियन पैरा गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया. मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि के लिए 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की.

मुख्यमंत्री निवास में दोनों खिलाड़ियों का सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया. इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने यह भी कहा कि मजबूत संकल्प और निरंतर मेहनत से बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है.

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर देने की है. राज्य सरकार पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में हरसंभव सहयोग करेगी. साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपए तक की टीए-डीए सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है.

अरुण साव ने भी खिलाड़ियों को दी बधाई
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों को पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और बड़े खेल मंचों पर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो और दोनों खिलाड़ियों के परिजन भी उपस्थित रहे.

