CG News: जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग का समापन, मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
CG News: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का सर्वश्रेष्ठ माध्यम हैं। वे गांधी स्टेडियम, अंबिकापुर में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चौम्पियनशिप-2026 के समापन समारोह में शामिल हुए।

विजेता और उपविजेता टीमों का हुआ सम्मान
समारोह में मंत्री श्री अग्रवाल ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
खेल जीवन को बनाते हैं मजबूत और आत्मविश्वासी
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि खेल बच्चों और युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी को समर्पण, ईमानदारी और खेल भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए ताकि वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
बालिका और बालक वर्ग के परिणाम
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में सरगुजा बॉयलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरगुजा फाइटर्स को हराकर खिताब जीता। वहीं बालक वर्ग में सरगुजा लायंस ने सरगुजा ब्लैक पैंथर्स को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया, जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग का आयोजन खिलाड़ियों को अधिक प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्रदान करने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में रही विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच श्री राजेश प्रताप सिंह, समाजसेवी श्री संजय अग्रवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्री निशांत सिंह गोयल सहित अनेक खेल प्रेमी, खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन समिति और जिला बास्केटबॉल संघ की भूमिका सराहनीय रही, यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का माध्यम बनी, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी प्रभावी प्रयास साबित हुई। मंत्री ने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास कर ऊंचे स्तर तक पहुंचने का आह्वान किया।

