CG News: सिरपुर एकीकृत विकास परियोजना को मिली रफ्तार, विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनने की ओर बड़ा कदम
CG News: छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर सिरपुर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सिरपुर एकीकृत विकास परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई और कई बड़े निर्णय लिए गए।

यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने की तैयारी तेज
बैठक में निर्देश दिया गया कि सिरपुर को यूनेस्को की मिश्रित विश्व विरासत सूची में शामिल कराने के लिए प्रस्ताव को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिरपुर की बौद्ध, जैन और हिंदू सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना प्राथमिक लक्ष्य है, पर्यटकों के अनुभव को और आकर्षक बनाने के लिए सुरंग टीला में अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें ह्वेनसांग यात्रा, कलचुरी काल और विभिन्न ऐतिहासिक प्रसंगों को आकर्षक स्क्रिप्ट के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
बांस राफ्टिंग और नौकायन से बढ़ेंगे स्थानीय रोजगार
कोडार डैम और रायकेश तालाब में बांस राफ्टिंग, नौकायन और कैंटीन जैसी गतिविधियां शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह पहल स्व-सहायता समूहों के माध्यम से की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं और समुदायों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, पर्यटकों के बेहतर मार्गदर्शन के लिए प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उन्हें विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उनकी जानकारी प्रदर्शित करने की योजना भी बनाई गई है।
पर्यटन अधोसंरचना का होगा व्यापक विकास
लक्ष्मण मंदिर परिसर के आसपास पार्किंग, कैफेटेरिया, शौचालय, पेयजल सुविधा और स्मृति चिन्ह केंद्र विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा विकास कार्यों में सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिरपुर महोत्सव बनेगा और भव्य
आगामी सिरपुर महोत्सव को अधिक आकर्षक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने का निर्णय लिया गया है। इसमें दक्षिण एशियाई देशों के पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी, राज्य स्तरीय संग्रहालय को PPP मॉडल पर विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। साथ ही विदेशों में मौजूद सिरपुर के पुरावशेषों को वापस लाने के लिए केंद्र सरकार से समन्वय करने का निर्णय लिया गया है।
