CG News: रायगढ़ में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, डीएमएफ से 4.13 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट मंजूर
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास, यानी डीएमएफ, से 4 करोड़ 13 लाख 82 हजार 400 रुपये से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से जिले में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं पर सबसे बड़ा निवेश
धरमजयगढ़ क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घरघोड़ा के निर्माण और उन्नयन के लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के लोगों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पांच पेयजल परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। गोरपार, नंदगांव, शाहपुर, नवापारा और पुसल्दा गांवों में सम्पवेल, नलकूप, पाइपलाइन विस्तार और अन्य पेयजल सुविधाओं पर लाखों रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे नियमित और सुरक्षित जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
आईटीआई भवन का होगा जीर्णोद्धार
युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धरमजयगढ़ स्थित शासकीय आईटीआई भवन के जीर्णोद्धार के लिए 82 लाख 86 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे संस्थान की अधोसंरचना मजबूत होगी और प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार आएगा, शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाते हुए ग्राम पंचायत साम्हारसिंघा में नए प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। नए भवन से विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
कई विभाग मिलकर करेंगे काम
इन सभी परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है। स्वास्थ्य कार्य सीजीएमएससी, पेयजल योजनाएं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, आईटीआई भवन का जीर्णोद्धार छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड और स्कूल भवन का निर्माण जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से कराया जाएगा, सरकार का कहना है कि डीएमएफ से स्वीकृत इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल सुविधाएं और मजबूत होंगी। इससे खनन प्रभावित और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर जनसुविधाएं मिलेंगी तथा जिले के संतुलित विकास को नई गति मिलेगी।

