CG News: दंतेवाड़ा के देवा मंडावी को मिली सरकारी नौकरी, पुनर्वास नीति से बदली जिंदगी
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सलवादी आत्मसमर्पण, पीड़ित राहत एवं पुनर्वास नीति के तहत नक्सल प्रभावित परिवारों को नई उम्मीद मिल रही है. इसी पहल के अंतर्गत दंतेवाड़ा जिले के देवा मंडावी को शासकीय सेवा में नियुक्ति दी गई है.
कलेक्टर कार्यालय में मिली जिम्मेदारी
ग्राम धुरवापारा, अरनपुर निवासी देवा मंडावी को जिला कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा में भृत्य पद पर नियुक्त किया गया है. उनके पिता स्वर्गीय बुधरा मंडावी नक्सल हिंसा से प्रभावित थे. जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की अनुशंसा के बाद उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी गई, नियुक्ति के बाद देवा मंडावी को सातवें वेतन आयोग के तहत लेवल-01 का वेतन, महंगाई भत्ता और शासन के नियमानुसार अन्य सुविधाएं मिलेंगी. वे जल्द ही अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे.
पीड़ित परिवारों को जोड़ने की पहल
राज्य सरकार का कहना है कि पुनर्वास नीति का उद्देश्य नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा देना है. सरकारी नौकरी और रोजगार के अवसरों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को सम्मानजनक जीवन और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिल रहा है, देवा मंडावी की नियुक्ति नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए एक सकारात्मक संदेश मानी जा रही है. यह पहल दिखाती है कि सहायता, अवसर और संवेदनशील नीतियों के जरिए प्रभावित परिवारों को मजबूत भविष्य की दिशा दी जा सकती है.

