CG News: महादेव सट्टा ऐप केस में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ पर CM साय का बयान, कहा- सामने आ सकते हैं कई और नाम
CG News: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को विदेश से भारत लाए जाने के बाद जांच एजेंसियों की पूछताछ पर नजरें टिकी हैं. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सौरभ चंद्राकर इस पूरे मामले का प्रमुख अभियुक्त है और अब सीबीआई उससे पूछताछ करेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं.
![]()
नेटवर्क से जुड़े लोगों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकती है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान नए खुलासे होने की संभावना है और नेटवर्क से जुड़े लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
लोकतंत्र के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस की ओर से सोशल मीडिया पर लोकतंत्र को लेकर की गई टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि देश के लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस और इंडी गठबंधन से है. सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के लिए कई बार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया है.
![]()
आपातकाल का किया जिक्र
सीएम साय ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान विपक्षी नेताओं को जेल में डाला गया, मीडिया की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए और चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचा, उसका आज लोकतंत्र की चिंता जताना विरोधाभासी है.
EVM और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने चुनाव में हार और जीत के बाद कांग्रेस के रुख को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि हार मिलने पर कांग्रेस EVM और चुनाव आयोग पर सवाल खड़े करती है, जबकि जीत मिलने पर इन्हीं व्यवस्थाओं पर भरोसा जताती है. सीएम ने इसे पार्टी की दोहरी नीति बताया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि इन्हीं मुद्दों को जनता के सामने रखने के लिए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा आयोजित की जा रही है. उन्होंने कहा कि वे जशपुर में होने वाली इस पदयात्रा में शामिल होंगे.


One Response