CG News: बलरामपुर में CM साय का धार्मिक दौरा, मंगल भवन की घोषणा और विकास का भरोसा
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर विकासखंड के ग्राम कर्रा पहुंचे. यहां उन्होंने श्री महारुद्र यज्ञ और शिव पुराण कथा में हिस्सा लिया. मुख्यमंत्री ने प्राचीन बाबा कर्मेश्वर धाम में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

मंगल भवन की घोषणा
मुख्यमंत्री ने ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण की घोषणा की. उन्होंने कहा कि बाबा कर्मेश्वर की कृपा से क्षेत्र विकास की दिशा में आगे बढ़े, इसके लिए राज्य सरकार जरूरी विकास कार्यों को प्राथमिकता देगी. श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने महारुद्र यज्ञ और शिव पुराण कथा के आयोजन को सौभाग्य की बात बताया और कथावाचक आचार्य दिव्यानंद जी महाराज, आयोजन समिति तथा श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं.

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान धर्म, संस्कृति और आस्था की समृद्ध परंपराओं से है. सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास पर लगातार काम कर रही है. प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर से जोड़ने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
रामलला और तीर्थ दर्शन योजना का जिक्र
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक करीब 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन कर चुके हैं. वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई तीर्थ दर्शन योजना के तहत देशभर के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों को चिन्हांकित किया गया है. इस योजना का लाभ करीब 10 हजार श्रद्धालु ले चुके हैं.
पर्यावरण और विकास पर भी फोकस
बाबा कर्मेश्वर धाम परिसर में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा लगाया. उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की. संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी बेल का पौधा लगाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर समेत प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति और विकास के साथ सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: केरसई पहुंचे CM साय, महतारी सदन का किया उद्घाटन और कई विकास कार्यों की घोषणा



