CG News: राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में CM साय की बड़ी सौगात, दुर्ग को मिली शिक्षा और खेल अधोसंरचना की 4 नई सौगातें
CG News: छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव के साथ हुई. दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पहली बार स्कूल पहुंचे बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर स्वागत किया. उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और मन लगाकर पढ़ाई करने का संदेश दिया.
विद्यार्थियों को मिली शैक्षणिक सामग्री और साइकिल
मुख्यमंत्री ने कक्षा पहली, छठवीं और नवमी के चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और स्कूल बैग वितरित किए. वहीं नवमी कक्षा की छात्राओं को साइकिल देकर शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया. राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया.
दुर्ग जिले को मिली चार बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग जिले के लिए शिक्षा और खेल अधोसंरचना से जुड़ी चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने आधुनिक कम्पोजिट शिक्षा कार्यालय भवन, सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम, फुटबॉल मैदान के साथ एथलेटिक्स ट्रैक और नीट-जेईई की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए 100-100 सीट वाले छात्र एवं छात्रा छात्रावास स्थापित करने की घोषणा की.
शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और समावेशी बना रही है. प्रदेश के स्कूलों में स्मार्ट क्लास, समय पर निःशुल्क पुस्तक और गणवेश वितरण, अतिरिक्त पौष्टिक आहार, पालक-शिक्षक बैठक और अन्य नवाचारों के जरिए बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि युक्तियुक्तकरण के बाद अब प्रदेश का कोई भी स्कूल शिक्षक विहीन नहीं है.
विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय की खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का अवलोकन किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार विज्ञान मॉडल की सराहना की. उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच ही विकसित भारत की पहचान बनेगी. इस अवसर पर मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया और स्कूली बच्चों के साथ न्योता भोज में शामिल होकर उनसे संवाद किया.

