CG News: 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए CM साय, छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज के योगदान को सराहा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने तेलुगु समाज की भूमिका और प्रदेश के विकास में उसके योगदान की सराहना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रगति और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है.

व्यापार से लेकर शिक्षा और उद्योग तक बनाई पहचान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तेलुगु समाज के लोगों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता के दम पर विभिन्न क्षेत्रों में विशेष पहचान बनाई है. व्यापार, शिक्षा और उद्योग सहित कई क्षेत्रों में समाज की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज का योगदान सराहनीय और महत्वपूर्ण है.

छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज का दशकों पुराना रिश्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच लंबे समय से आत्मीय संबंध बने हुए हैं. समाज के लोगों ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है. सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी ने प्रदेश की विविधता में एकता की भावना को मजबूत किया है. उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी सांस्कृतिक विविधता और अलग-अलग भाषाओं एवं परंपराओं का संगम है.

आंध्रा एसोसिएशन के 50 साल के सफर की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की यात्रा को विशेष रूप से सराहा. उन्होंने कहा कि पांच दशकों का यह सफर सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का उदाहरण है. एसोसिएशन ने समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और जड़ों से जुड़े रहने के लिए भी प्रेरित किया है.

भिलाई स्टील प्लांट में भी रहा अहम योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलुगु समाज के लोग मेहनत, अनुशासन और उद्यमशीलता के लिए पहचाने जाते हैं. छत्तीसगढ़ में व्यापार और शिक्षा के साथ औद्योगिक क्षेत्र में भी समाज की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही है. भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में तेलुगु समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने अहम भूमिका निभाई है. उनके योगदान से प्रदेश के औद्योगिक विकास को मजबूती मिली है.

रायपुर-विशाखापत्तनम सड़क मार्ग से बढ़ेंगे व्यापार के अवसर
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच बेहतर सड़क संपर्क को विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित हो रहा सड़क मार्ग दोनों राज्यों के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा. इससे यात्रा का समय और दूरी कम होगी, साथ ही माल परिवहन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. बेहतर कनेक्टिविटी से दोनों राज्यों के आर्थिक संबंध और मजबूत होंगे.

भाषा और संस्कृति के संरक्षण पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर रखना प्रत्येक समाज की जिम्मेदारी है. ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलन समाज के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपस में जुड़ने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं. इसके साथ ही नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने में भी इन आयोजनों की अहम भूमिका रहती है. उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आंध्रा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सम्मेलन के दौरान आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से पहुंचे रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. पारंपरिक नृत्य और संगीत के जरिए तेलुगु समाज की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विविधता और गौरवशाली परंपराओं की झलक देखने को मिली. कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इन प्रस्तुतियों का आनंद लिया, इस आयोजन में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष जी. स्वामी, आर. सुब्बा राव और श्रीनिवास पटनायक सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा समाज के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में सदस्यों ने भी सम्मेलन में सहभागिता की.


One Response