CG News: मुख्य सचिव विकासशील ने विभागीय योजनाओं और विधानसभा सत्र की तैयारियों की समीक्षा की
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के विभिन्न विभागों की उच्च स्तरीय बैठक लेकर प्रमुख योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की। बैठक में शासन की प्राथमिक योजनाओं के क्रियान्वयन, डिजिटल सेवाओं और आगामी विधानसभा सत्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

‘सेवा सेतु’ से जुड़ें सभी ऑनलाइन सेवाएं
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि नागरिक सेवाओं को और अधिक आसान और प्रभावी बनाने के लिए सभी ऑनलाइन सेवाओं को ‘सेवा सेतु’ प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे लोगों को सेवाएं तेजी से और पारदर्शी तरीके से मिल सकें, बैठक में आगामी 13 से 17 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित विधानसभा सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आवश्यक दस्तावेजों और जानकारी के साथ पूरी तरह तैयार रहने तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि राज्य की सभी प्राथमिकता वाली योजनाओं और परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विभागों को नियमित मॉनिटरिंग और लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया।
कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा
बैठक के दौरान कई प्रमुख योजनाओं और पोर्टलों की प्रगति की समीक्षा की गई, जिनमें ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, मनरेगा और पीएम सूर्य घर बिजली योजना शामिल हैं, इन सभी योजनाओं की वर्तमान स्थिति और प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई और सुधार के निर्देश दिए गए।
रिक्त पदों की जानकारी अपडेट करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारी चयन मंडल से संबंधित प्रक्रियाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई ताकि भर्ती कार्यों में तेजी लाई जा सके, बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी को शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और जनहित कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

