CG News: भीषण गर्मी को लेकर मुख्यमंत्री साय की जनता से अपील, कहा – सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी से करें सामना
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेशवासियों से सतर्कता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ इस चुनौतीपूर्ण समय का सामना करने की अपील की है।
पानी और धूप से बचाव की सलाह
मुख्यमंत्री ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, बाहर निकलते समय पानी साथ रखने और अनावश्यक रूप से तेज धूप में न निकलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि छोटी-सी सावधानी भी स्वास्थ्य की सुरक्षा में बड़ी भूमिका निभा सकती है।

बच्चों, बुजुर्गों और श्रमिकों का विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और खुले में काम करने वाले लोगों का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण किसी की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत उसे छायादार स्थान पर ले जाकर प्राथमिक सहायता दी जाए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय मदद ली जाए।
पानी की व्यवस्था की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि संभव हो तो घर, दुकान, कार्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। यह छोटा प्रयास किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी राहत बन सकता है।
पशु-पक्षियों के लिए भी संवेदनशीलता जरूरी
मुख्यमंत्री ने पशु-पक्षियों के प्रति भी संवेदनशील रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि घर या आसपास पानी का पात्र रखने जैसी छोटी पहल भी इस भीषण गर्मी में कई जीवों के लिए जीवनदायिनी साबित हो सकती है।
सेवा और सहयोग की भावना पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह समय सेवा, संवेदना और सामाजिक सहयोग को मजबूत करने का है। उन्होंने सभी से अपील की कि एक-दूसरे का सहारा बनें और मानवता के दायित्व को मिलकर निभाएं।



