CG News: मुख्यमंत्री साय ने की मानवीय पहल, दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे 10 वर्षीय रिमोन टंडन के उपचार के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत
CG News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरकोट निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन के परिवार के लिए रविवार का दिन नई उम्मीद लेकर आया. रिमोन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ जैसी बेहद दुर्लभ बीमारी से पीड़ित है, जिसके महंगे उपचार पर लगभग 12 लाख रुपये का खर्च संभावित था. एक किसान परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि जुटाना असंभव था, लेकिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत तत्काल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर दी है.

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दिखा आत्मीय दृश्य
मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में अपने माता-पिता के साथ पहुंचे नन्हे रिमोन को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्नेहपूर्वक अपनी गोद में उठाया और उसके स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने किसान पिता अजय कुमार टंडन को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह बच्चा केवल आपका नहीं, बल्कि हमारा भी बेटा है और इसके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी. सहायता मिलने की खुशी में नन्हे रिमोन ने मुख्यमंत्री को एक प्यारा सा गीत भी सुनाया, जिस पर मुख्यमंत्री ने उसका उत्साहवर्धन करते हुए उसके उज्जवल भविष्य की कामना की.
संबल बन रही है स्वास्थ्य सहायता योजना
राज्य सरकार गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना ऐसे परिवारों के लिए एक मजबूत संबल बनकर सामने आ रही है, जिनके लिए महंगे इलाज का खर्च उठाना मुमकिन नहीं होता. रिमोन के मामले में भी इस योजना ने न केवल एक किसान परिवार के सिर से आर्थिक चिंता का बड़ा बोझ हटाया है, बल्कि 10 वर्षीय रिमोन के स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौटने की उम्मीदों को भी नया पंख दिया है.


One Response