CG News: मुख्यमंत्री साय ने की प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल की सराहना, कैबिनेट बैठक में पारित हुआ अभिनंदन प्रस्ताव
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई. बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में निरंतर 25 वर्ष पूरे होने पर सर्वसम्मति से अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया है. राज्य की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की गई.

देश तक विकास के नए आयाम स्थापित
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने वाले नरेंद्र मोदी ने लगातार 13 वर्षों तक राज्य का नेतृत्व कर विकास का एक अनूठा मॉडल देश के सामने रखा था, जिसके बाद से वे पिछले 14 वर्षों से लगातार देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उनके मार्गदर्शन और मजबूत इच्छाशक्ति के कारण आज भारत आर्थिक रूप से दुनिया की अग्रणी महाशक्तियों में शुमार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.

नक्सलवाद के खात्मे और गरीब कल्याण पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के दृढ़ संकल्प और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का सफाया किया गया है, जहां प्रभावी पुनर्वास नीति के चलते 4 हजार से अधिक नक्सलियों ने मुख्यधारा में वापसी की है. इसके साथ ही, अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक का खात्मा, गरीबों को पक्के मकान, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलने के साथ-साथ केंद्रीय करों में राज्यों की हिस्सेदारी बढ़कर 42 प्रतिशत होने से छत्तीसगढ़ के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है.


One Response