CG News: सहकारी बैंक अनियमितता पर छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा प्रहार, किसानों को फिर से मिला खाद-बीज
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने सहकारी बैंक में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले के बाद प्रभावित क्षेत्रों में खाद और बीज का वितरण फिर से शुरू कर दिया गया है, जिससे किसानों में राहत और भरोसा दोनों बढ़ा है।
दोषी अधिकारियों पर गिरी गाज
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर की विभिन्न शाखाओं में वर्ष 2020-21 से 2023-24 के बीच हुई अनियमितताओं के मामले में सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। शंकरगढ़, कुसमी, रामानुजगंज और रामचंद्रपुर क्षेत्रों में सामने आए गड़बड़ी के मामलों में कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
किसानों को मिली बड़ी राहत
इन अनियमितताओं के कारण सैकड़ों किसानों को समय पर खाद, बीज और कृषि ऋण नहीं मिल पा रहा था। लेकिन अब सरकार की त्वरित कार्रवाई के बाद प्रभावित समितियों में पात्र किसानों को फिर से खाद और बीज का वितरण शुरू कर दिया गया है। इससे कृषि कार्यों में आई बाधाएं दूर होने लगी हैं, सरकारी जानकारी के अनुसार, लगभग 497 किसानों की शिकायतों से जुड़े मामलों में करीब 30 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई कर्मचारियों को निलंबित भी किया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।
ऋण और आपूर्ति प्रक्रिया में तेजी
सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में पात्र किसानों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सूची प्राप्त होते ही ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है, ताकि किसानों को समय पर कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन मिल सकें और खरीफ सीजन प्रभावित न हो।
पारदर्शिता और सख्त कार्रवाई का भरोसा
कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनियमितताओं में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने ईडी जांच का स्वागत करते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

