CG News: मुख्यमंत्री साय ने किया ‘जश लर्न’ का शुभारंभ, अब मोबाइल आधारित शिक्षण से जिलेभर के बच्चों को मिलेगा गणित सीखने का अवसर
CG News: जशपुर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और अभिनव पहल की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने बगिया स्थित निवास से ‘जश लर्न’ कार्यक्रम का जिला स्तरीय शुभारंभ किया। फरसाबहार विकासखंड में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब इस कार्यक्रम का विस्तार जिले के सभी विकासखंडों में किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों की आधारभूत गणितीय दक्षताओं को मजबूत करना और तकनीक के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाना है।
शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है। आधुनिक तकनीक और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षक, पालक और विद्यार्थियों की संयुक्त भागीदारी से शिक्षा के बेहतर और स्थायी परिणाम प्राप्त होते हैं।

बच्चों से किया संवाद, जाना अनुभव
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘जश लर्न’ से लाभान्वित विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। कक्षा पांचवीं की छात्रा नव्यता यादव ने बताया कि अब उसे 20 तक पहाड़े याद हो गए हैं और वह जोड़, घटाव, गुणा और भाग के सवाल आसानी से हल कर लेती है। वहीं वंदना यादव ने बताया कि नियमित फोन आधारित मार्गदर्शन से गणित के प्रति उसका आत्मविश्वास बढ़ा है और पढ़ाई में रुचि भी बढ़ी है।

डाइट के प्रशिक्षु छात्र-शिक्षकों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने डाइट जशपुर के उन प्रशिक्षु छात्र-शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिन्होंने मोबाइल आधारित शिक्षण के जरिए बच्चों की गणितीय क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा क्षेत्र में नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है।
फरसाबहार में मिला शानदार परिणाम
जिला प्रशासन और यूथ इम्पैक्ट संस्था के सहयोग से फरसाबहार विकासखंड में ‘जश लर्न’ को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था। इसमें कक्षा तीसरी और चौथी के विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के माध्यम से नियमित शैक्षणिक सहायता प्रदान की गई। बच्चों को जोड़, घटाव, गुणा और भाग जैसी मूलभूत गणितीय अवधारणाएं सरल तरीके से सिखाई गईं।
260 बच्चों को मिला लाभ
पायलट प्रोजेक्ट में डाइट जशपुर के 90 प्रशिक्षु छात्र-शिक्षकों ने 260 विद्यार्थियों को फोन आधारित शिक्षण सहायता दी। इसके परिणाम बेहद सकारात्मक रहे और लगभग 75 प्रतिशत विद्यार्थियों ने गणित की मूलभूत संक्रियाओं में दक्षता हासिल की। बच्चों की सीखने की क्षमता और आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
अब पूरे जिले में होगा विस्तार
पायलट प्रोजेक्ट की सफलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने ‘जश लर्न’ कार्यक्रम को जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में लागू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सभी सीएसी को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके, “साथ मिलकर सीखें, आगे बढ़ें” की अवधारणा पर आधारित ‘जश लर्न’ अब जशपुर में शिक्षा के क्षेत्र का एक प्रेरणादायक मॉडल बनकर उभर रहा है। इस पहल से हजारों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर गणितीय समझ और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

