CG News: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 बनी जनता का भरोसेमंद सहारा, हजारों शिकायतों का हुआ समाधान
CG News: छत्तीसगढ़ में शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 ने अपने पहले ही महीने में बड़ी सफलता हासिल की है. 13 जुलाई 2026 तक इस हेल्पलाइन के जरिए 42 हजार 653 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है. इनमें हजारों लोगों ने समाधान से संतुष्ट होकर अपनी शिकायतें बंद कर दी हैं.
जनता और सरकार के बीच मजबूत सेतु बनी हेल्पलाइन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश के हर नागरिक की समस्या का समय पर और पारदर्शी समाधान करना है. इसी उद्देश्य से शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 अब आम लोगों और प्रशासन के बीच एक मजबूत संपर्क माध्यम बन रही है.
24 घंटे उपलब्ध है सेवा
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की खास बात यह है कि यह सेवा चौबीसों घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित हो रही है. कॉल सेंटर के माध्यम से शिकायतें दर्ज कर उन्हें संबंधित विभागों तक भेजा जाता है. शिकायतों के समाधान के लिए समय सीमा तय की गई है और तहसील स्तर से लेकर सचिव स्तर तक करीब आठ हजार अधिकारी इस व्यवस्था से जुड़े हैं.
एक फोन कॉल पर मिल रहा समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. एक फोन कॉल के जरिए शिकायत दर्ज होती है, उसकी निगरानी की जाती है और तय समय में समाधान की प्रक्रिया पूरी की जाती है, आंकड़ों के अनुसार ऊर्जा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से सबसे ज्यादा शिकायतें प्राप्त हुईं. इन विभागों ने भी तेजी से कार्रवाई करते हुए हजारों मामलों का निराकरण किया है.
सुशासन की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 को तकनीक आधारित सुशासन का प्रभावी माध्यम माना जा रहा है. सरकार का कहना है कि आने वाले समय में इसका विस्तार और अधिक किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित हो सके, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 ने कम समय में यह साबित किया है कि संवेदनशील प्रशासन, तकनीक और जवाबदेही के साथ काम करने से जनता का भरोसा मजबूत होता है. यह पहल छत्तीसगढ़ में पारदर्शी और नागरिक केंद्रित शासन व्यवस्था की नई पहचान बन रही है.

