CG News: छत्तीसगढ़ खेलों में लगाएगा बड़ी छलांग, 304 करोड़ का बजट मंजूर
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने खेल क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभाग की योजनाओं और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राज्य में खेल अधोसंरचना बढ़ाने, प्रतिभाओं की पहचान करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए नई योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़
वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. इसके साथ ही छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है. सरकार का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा युवा खेलों से जुड़ें और प्रदेश की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें.
प्रशिक्षकों की तैयारी और नई नियुक्तियां जारी
खेल अकादमियों में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था के लिए 14 खेल प्रशिक्षकों को पटियाला प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है. इसके अलावा नए जिलों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल अधिकारियों के पद बनाए गए हैं. विभाग में 44 प्रशिक्षकों, 4 जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड 3 और 8 वार्डन्स की भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है.
खेल बजट 4 करोड़ से बढ़कर 304 करोड़ हुआ
अरुण साव ने बताया कि छत्तीसगढ़ गठन के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट केवल 4 करोड़ रुपए था, जो अब बढ़कर 304 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है. सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है. इसी उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक के बाद अब सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत भी की गई है.
छत्तीसगढ़ बना खेल गतिविधियों का नया केंद्र
राज्य में हॉकी लीग जैसे आयोजनों की तैयारी भी चल रही है. खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है. सरकार का प्रयास है कि बेहतर सुविधाओं और प्रशिक्षण के जरिए प्रदेश के खिलाड़ी देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें.




