CG News: छत्तीसगढ़ शिक्षक भर्ती 2026, 1654 पदों पर होगी नियुक्ति, अक्टूबर में होगी परीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है. स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश की शासकीय स्कूलों में रिक्त पदों को भरने के लिए 1654 शिक्षकों की भर्ती करने का फैसला लिया है. लोक शिक्षण संचालनालय यानी डीपीआई ने मंगलवार को भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है. इसके तहत ई और टी संवर्ग की शासकीय शालाओं में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी.
ऑनलाइन माध्यम से पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया
शिक्षक भर्ती की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाएगी. इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल यानी सीजी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकेंगे. विभाग की ओर से आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, परीक्षा केंद्र और अन्य दिशा-निर्देशों की जानकारी जल्द जारी की जाएगी. शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 25 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.
छह विषयों में होगी शिक्षकों की नियुक्ति
जारी विज्ञापन के अनुसार, इस भर्ती अभियान में कुल छह विषयों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. सबसे ज्यादा पद अंग्रेजी विषय के लिए निर्धारित किए गए हैं. विषयवार पदों की बात करें तो हिंदी में 250 पद, संस्कृत में 300 पद, अंग्रेजी में 504 पद, गणित में 250 पद, सामाजिक विज्ञान में 250 पद और कृषि विषय में 100 पद शामिल हैं.
आवेदन से लेकर परीक्षा तक ऑनलाइन व्यवस्था
शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. अभ्यर्थियों को आवेदन करने से लेकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तक की सभी औपचारिकताएं सीजी व्यापम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पूरी करनी होंगी. विभाग जल्द ही आवेदन शुरू होने की तारीख, अंतिम तिथि, प्रवेश पत्र जारी होने की जानकारी और परीक्षा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेगा.
युवाओं को मिलेगा सरकारी नौकरी का अवसर
छत्तीसगढ़ में लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है. 1654 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति होने से सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और योग्य युवाओं को रोजगार का मौका मिलेगा. शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश की शैक्षणिक व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.



