CG News: छत्तीसगढ़ GST विभाग का बड़ा एक्शन, 53 करोड़ की बोगस बिलिंग कर 9.54 करोड़ का टैक्स फ्रॉड करने वाला आरोपी गिरफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य GST विभाग ने फर्जी बिलिंग और बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 53 करोड़ रुपये के टैक्स घोटाले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है. विभाग के विशेष अभियान के तहत विजय कुमार यादव को 20 जुलाई को गिरफ्तार किया गया. अदालत में पेशी के बाद आरोपी को 3 अगस्त 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
53 करोड़ की बोगस बिलिंग का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने माया स्टील एंड एंटरप्राइज और मायरा स्टील एंटरप्राइजेज के नाम से दो फर्मों का संचालन किया. इन फर्मों के जरिए करीब 53 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग की गई और 9.54 करोड़ रुपये का बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट विभिन्न कंपनियों को ट्रांसफर किया गया.
फर्जी ITC के जरिए किया टैक्स फ्रॉड
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने बंद और फर्जी फर्मों से इनपुट टैक्स क्रेडिट हासिल कर अपनी टैक्स देनदारियों का भुगतान किया. बिना वास्तविक कारोबार के केवल दस्तावेजों के आधार पर टैक्स लाभ लिया गया, जिससे सरकारी राजस्व को बड़ा नुकसान पहुंचा.
जांच में सामने आईं कई बड़ी गड़बड़ियां
GST विभाग की जांच में पता चला कि 10 ऐसी फर्मों के माध्यम से 6.13 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट लिया गया, जिनका GST पंजीयन पहले ही निरस्त हो चुका था या वे आपस में संबंधित थीं. इसके अलावा पंजाब सहित अन्य राज्यों की 9 फर्जी या अस्तित्वहीन फर्मों से 1.99 करोड़ रुपये का फर्जी ITC प्राप्त किया गया.
GSTR में भी मिली अनियमितता
विभाग ने जांच में पाया कि बिना वास्तविक खरीद के GSTR-2B की तुलना में GSTR-3B में 1.41 करोड़ रुपये का अतिरिक्त इनपुट टैक्स क्रेडिट दावा किया गया. इस तरह आरोपी ने नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से टैक्स लाभ हासिल किया.
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
GST विभाग के अनुसार आरोपी ने न केवल अन्य फर्मों को 9.54 करोड़ रुपये का फर्जी ITC ट्रांसफर किया, बल्कि स्वयं भी इसका लाभ उठाया. विभाग ने संकेत दिए हैं कि मामले से जुड़े अन्य लोगों और फर्मों की भूमिका की भी जांच जारी है. फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

