CG News: सुकमा के युवाओं की बदली जिंदगी, पुनर्वास के बाद ड्राइविंग प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की ओर कदम
CG News: कभी डर और अनिश्चितता के माहौल में जीवन बिताने वाले सुकमा जिले के कई युवाओं के हाथों में अब नई उम्मीद की स्टेयरिंग है. पुनर्वास और कौशल विकास की पहल से ये युवा आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ रहे हैं.
ड्राइविंग प्रशिक्षण से मिला नया अवसर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और जिला प्रशासन की पहल पर ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सुकमा की ओर से पुनर्वासित युवाओं के लिए 30 दिवसीय एलएमवी ऑनर ड्राइवर प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है. इस प्रशिक्षण में 31 युवा हिस्सा ले रहे हैं.
वाहन चलाने के साथ सिखाई जा रही तकनीकी जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को सिर्फ ड्राइविंग ही नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, रोड साइन की जानकारी और वाहन की सामान्य मरम्मत का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की व्यवस्था भी जिला प्रशासन कर रहा है.
बढ़ा युवाओं का आत्मविश्वास
प्रशिक्षण से जुड़ी सोड़ी सोमड़ी ने बताया कि यहां सुरक्षित तरीके से वाहन चलाना सिखाया जा रहा है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है. वहीं पुनेम ज्योति का कहना है कि ड्राइविंग सीखने के बाद वे रोजगार से जुड़कर अपने परिवार की जिम्मेदारी बेहतर तरीके से निभा सकेंगी.
आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़ रहे युवा
कलेक्टर अमित कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य पुनर्वासित युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है. कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं को नई दिशा दी जा रही है, यह पहल दिखाती है कि सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर मिलने से जीवन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है. सुकमा के ये युवा अब आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की ओर बढ़ रहे हैं और अपने परिवारों के लिए बेहतर जीवन की नींव तैयार कर रहे हैं.

