CG News: 19-20 सितंबर को अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ, देशभर से जुटेंगे अग्रवाल समाज के पदाधिकारी
CG News: छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की ओर से “अग्र महाकुंभ–2026” प्रांतीय अधिवेशन और दशम अग्र अलंकरण समारोह का आयोजन 19 और 20 सितंबर को अंबिकापुर में किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 19 सितंबर को कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ करेंगे. दो दिवसीय इस आयोजन में देशभर से अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर के पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.

देशभर से जुटेंगे समाज के प्रमुख पदाधिकारी
कार्यक्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और संरक्षक राजेश अग्रवाल, बसना विधायक एवं संरक्षक संपत अग्रवाल, राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल इंदौर, राष्ट्रीय महामंत्री राजेश भारूका सूरत और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अशोक बूबानीवाला भिवानी सहित विभिन्न प्रांतों के अध्यक्ष, महामंत्री और प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. आयोजन की परिकल्पना छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के मार्गदर्शन में की जा रही है.
महिला और युवा सत्र के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम
अग्रवाल सभा अंबिकापुर और संभागीय अग्रवाल महासभा सरगुजा के आतिथ्य में होने वाला यह आयोजन केवल अधिवेशन तक सीमित नहीं रहेगा. संयोजक सुभाष गोयल और कन्हैयालाल अग्रवाल अंबिकापुर के अनुसार इसमें महिला सत्र, युवा सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक एवं संगठनात्मक चर्चाएं होंगी. 19 सितंबर की शाम अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और 20 सितंबर का अग्र अलंकरण समारोह प्रमुख आकर्षण रहेंगे. प्रसिद्ध मोटीवेटर मनीष भाई वाघसिया का परिवार उत्सव भी आयोजन का हिस्सा होगा.
कवि सम्मेलन में हास्य और साहित्य की महफिल
प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल रायपुर, अग्रवाल सभा अंबिकापुर के महासचिव संजय अग्रवाल अंबिकापुर और संभागीय अग्रवाल महासभा सरगुजा के महामंत्री सुनील अग्रवाल बॉबी अंबिकापुर ने बताया कि कवि सम्मेलन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे. लाफ्टर चैलेंज और “वाह भाई वाह” जैसे लोकप्रिय हास्य-काव्य कार्यक्रमों से जुड़े कवियों की प्रस्तुति से अंबिकापुर की शाम हास्य और साहित्य के रंग में रंगेगी. कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है.
विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का होगा सम्मान
अग्र महाकुंभ के तहत होने वाला दशम अग्र अलंकरण समारोह भी विशेष आकर्षण रहेगा. इसमें समाज, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, सेवा, युवा, महिला और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों और उपलब्धि हासिल करने वाले अग्र बंधुओं को सम्मानित किया जाएगा. संयोजक ललित अग्रवाल, महिला संगठन की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अनीता मोहनलाल अग्रवाल, युवा टीम के प्रदेश अध्यक्ष आशीष सेक्सरिया और प्रजा प्रसार प्रभारी मनोज अग्रवाल अंबिकापुर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज को एक मंच पर लाकर संगठन, संवाद, सेवा और सामाजिक सहभागिता को मजबूत करना है. आयोजकों ने देशभर के अग्रवाल समाज के बंधुओं से बड़ी संख्या में अंबिकापुर पहुंचकर “अग्र महाकुंभ–2026” को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की अपील की है.
यह भी पढ़ें : CG News: नवा रायपुर में खुलेगा NMIMS का अत्याधुनिक कैंपस, 40 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री पूरी

