CG News: भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह का जशपुर में भव्य स्वागत, रायपुर प्रवास पर रवाना
CG News: छत्तीसगढ़ भाजपा के नवनियुक्त संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह झारखंड से रायपुर प्रवास के दौरान जशपुर पहुंचे. जशपुर आगमन पर गिरांग चौक स्थित नेशनल हाईवे पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ गर्मजोशी से भव्य स्वागत किया.

पूर्व संगठन महामंत्री पवन साय और विधायक रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से शामिल हुए. इस दौरान पूर्व संगठन महामंत्री पवन साय, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, स्थानीय विधायक रायमुनी भगत, विधायक गोमती साय और भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे.
कार्यकर्ताओं ने दी आगामी प्रवास की शुभकामनाएं
पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त संगठन महामंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया और उनके आगामी संगठनात्मक प्रवास की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं. इस मौके पर कर्मवीर सिंह ने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों और क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों पर संक्षिप्त चर्चा भी की.
बाइक सेवा यात्रा का किया अभिनंदन
जशपुर प्रवास के दौरान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने वडनगर-वाराणसी से निकली बाइक सेवा यात्रा का भी आत्मीय स्वागत किया. उन्होंने यात्रा में शामिल प्रतिभागियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका उत्साहवर्धन किया और इस राष्ट्रसेवा यात्रा के लिए उनका अभिनंदन भी किया.
संगठनात्मक गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार
जशपुर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह रायपुर के लिए रवाना हो गए. भारतीय जनता पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि उनका यह पहला दौरा प्रदेश में पार्टी के कैडर और संगठनात्मक गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार करेगा.

One Response