CG Scholarship 2026-27: दूसरे राज्यों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को मिलेगी 20 हजार रुपये की छात्रवृत्ति, जानें पात्रता और आवेदन प्रक्रिया
CG Scholarship 2026-27: छत्तीसगढ़ के ऐसे विद्यार्थी जो दूसरे राज्यों में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं, उनके लिए आर्थिक सहायता पाने का अवसर है. राज्य सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को कुल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी. चयनित छात्रों को 10 महीने तक हर महीने 2 हजार रुपये मिलेंगे.

मेरिट से होगा विद्यार्थियों का चयन
इस छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत नई छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी. इसके लिए विद्यार्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और मेरिट के आधार पर किया जाएगा. योजना का उद्देश्य दूसरे राज्यों में तकनीकी शिक्षा हासिल कर रहे छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देना है, ताकि वे अपनी पढ़ाई से जुड़े खर्चों को आसानी से पूरा कर सकें.

किन संस्थानों के छात्र कर सकेंगे आवेदन?
इस योजना का लाभ छत्तीसगढ़ के उन स्थानीय निवासी विद्यार्थियों को मिलेगा, जो दूसरे राज्यों के मान्यता प्राप्त तकनीकी संस्थानों में BE या BTech के प्रथम वर्ष में पढ़ाई कर रहे हैं. इसमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी IIT, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान यानी NIT, भारतीय विज्ञान संस्थान और AICTE से मान्यता प्राप्त अन्य उच्च तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी शामिल हैं.
12वीं में 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को शैक्षणिक योग्यता की निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी. आवेदक का छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना जरूरी है. इसके साथ ही 12वीं कक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त होना अनिवार्य है. आवेदन के दौरान सक्षम अधिकारी द्वारा जारी छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा.

कहां से मिलेगा आवेदन फॉर्म?
इच्छुक विद्यार्थी संचालनालय, तकनीकी शिक्षा, नवा रायपुर से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं. इसके अलावा तकनीकी शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से भी फॉर्म डाउनलोड करने की सुविधा दी गई है. खास बात यह है कि आवेदन फॉर्म के लिए किसी तरह का शुल्क नहीं देना होगा. आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है.

खाते में नहीं, संस्थान के जरिए मिलेगी राशि
इस योजना के तहत विद्यार्थियों का चयन होने के बाद संचालनालय तकनीकी शिक्षा, रायपुर की ओर से छात्रवृत्ति को मंजूरी दी जाएगी. इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राशि संबंधित शैक्षणिक संस्थान के प्रमुख को भेजी जाएगी. संस्थान की ओर से जरूरी शर्तों और पात्रता की जांच पूरी होने के बाद विद्यार्थी को 20 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा. ऐसे में दूसरे राज्यों में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे छत्तीसगढ़ के पात्र विद्यार्थियों के पास छात्रवृत्ति पाने का मौका है, जिसके लिए उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना होगा.


One Response