CG News: छत्तीसगढ़ में बारिश से उजड़ी सड़कों और पुलों का होगा कायाकल्प, साय सरकार ने 672 करोड़ की निविदाओं को दी मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुल-पुलियाओं के निर्माण कार्य को अब पंख लगेंगे. राज्य शासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये की लागत से होने वाले 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को आधिकारिक मंजूरी प्रदान कर दी है.
![]()
नई सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत प्रदेश में नए पुल-पुलियाओं और सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इसके साथ ही पूर्व से निर्मित जर्जर सड़कों के उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्याकरण के काम भी शामिल हैं. इन कार्यों से राज्य का सड़क नेटवर्क काफी मजबूत और आधुनिक बनेगा.

लोक निर्माण विभाग ने दिए तुरंत काम शुरू करने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रशासनिक प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं. विभाग ने चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को यथाशीघ्र कार्यादेश (Work Order) जारी कर धरातल पर काम जल्द से जल्द शुरू कराने को कहा है.
सुगम आवागमन और कनेक्टिविटी पर साय सरकार का जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मजबूत सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. बेहतर सड़कें ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करेंगी. इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और आपातकालीन सेवाओं तक आम जनता की पहुंच बेहद आसान और सुलभ हो जाएगी.
व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी रफ्तार
इन 24 प्रमुख सड़क और पुल परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से राज्य में आवागमन व्यवस्था सुचारू होगी. इससे न केवल आम यात्रियों को गड्ढों और बदहाल सड़कों से निजात मिलेगी, बल्कि प्रदेश में व्यापार, पर्यटन और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी.


One Response