CG News: कम विजिबिलिटी के चलते विमान की लैंडिंग नाकाम, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दौरा निरस्त
CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में खराब दृश्यता के कारण बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. कम विजिबिलिटी की वजह से जिंदल एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग नहीं हो सकी. दृश्यता कम होने के चलते पायलट को विमान उतारने में परेशानी का सामना करना पड़ा. इसका सीधा असर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे पर पड़ा है.

नितिन नवीन का दौरा निरस्त
विमान की लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का रायगढ़ और धरमजयगढ़ दौरा निरस्त कर दिया गया है. उन्हें भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होना था. लेकिन खराब दृश्यता के कारण उनका कार्यक्रम रद्द करना पड़ा.
कार्यक्रम में नहीं पहुंचेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में नितिन नवीन की मौजूदगी नहीं रहेगी. उनके आगमन को लेकर कार्यक्रम में विशेष तैयारियां की गई थीं. हालांकि, विमान की लैंडिंग नहीं हो पाने के बाद अब उनके बिना ही समारोह आयोजित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री साय कार्यक्रम में होंगे शामिल
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा निरस्त होने के बावजूद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय धरमजयगढ़ के कार्यक्रम में शामिल होंगे. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित इस समारोह में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे. ऐसे में अब सभी की नजर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और समारोह की गतिविधियों पर रहेगी.
