CG News: बलौदाबाजार में अब पाइपलाइन से मिलेगी गैस, सिलेंडर से मिलेगी राहत
CG News: बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अब महानगरों की तर्ज पर पाइपलाइन गैस सुविधा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन ने सिटी गैस इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम तेज कर दिया है। इस योजना के तहत लोगों के घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस पहुंचाई जाएगी।
प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारी
परियोजना की प्रगति को लेकर कलेक्टर ने जिला कार्यालय में एचसीजी रायपुर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के लिए जरूरी अनुमति और एनओसी जल्द जारी करने को कहा गया है।
घर तक पहुंचेगी सुरक्षित PNG गैस
पाइपलाइन गैस सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को बार-बार सिलेंडर बुक कराने और रिफिलिंग की परेशानी से राहत मिलेगी। PNG गैस को सुरक्षित और किफायती माना जाता है। उपभोक्ता मीटर रीडिंग के आधार पर ही बिल का भुगतान करेंगे, जिससे खर्च पर भी नियंत्रण रहेगा।
सिमगा क्षेत्र में चल रहा पाइपलाइन कार्य
एचसीजी कंपनी के प्रतिनिधियों के अनुसार रायपुर से शुरू हुआ पाइपलाइन बिछाने का काम अब जिले के सिमगा क्षेत्र तक पहुंच गया है। वर्तमान में केसदा गांव में काम जारी है। इसके बाद औद्योगिक क्षेत्रों, स्कूलों, अस्पतालों और शहरी इलाकों में कनेक्शन उपलब्ध कराने की योजना है।
सुरक्षित और सुविधाजनक होगी नई व्यवस्था
प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद जिलेवासियों को गैस आपूर्ति का नया विकल्प मिलेगा। घरों के सामने से गुजरने वाली मुख्य पाइपलाइन से कनेक्शन बॉक्स के जरिए रसोई तक गैस पहुंचाई जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि तय समय सीमा में नेटवर्क तैयार कर लोगों को इस सुविधा का लाभ दिया जा सके।




