CG News: CG में पहली बार ऑडियो बुक की शुरुआत, 6वीं के बाद अब 7वीं का कंटेंट भी तैयार
CG News: छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए नई डिजिटल पहल शुरू की गई है. राज्य में पहली बार विद्यार्थियों के लिए ऑडियो बुक तैयार की जा रही हैं. अब छात्र किताब पढ़ने और वीडियो देखने के साथ पाठ को सुनकर भी समझ सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य पढ़ाई को आसान, रोचक और सभी विद्यार्थियों के लिए सुलभ बनाना है.

6वीं के बाद 7वीं का कंटेंट तैयार
राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद यानी SCERT ने इस योजना की शुरुआत कक्षा 6वीं की हिंदी विषय की ऑडियो बुक से की है. वहीं कक्षा 7वीं के ऑडियो कंटेंट की एडिटिंग अंतिम चरण में है. इसे जल्द जारी करने की तैयारी है. इसके बाद अन्य कक्षाओं और विषयों के लिए भी चरणबद्ध तरीके से ऑडियो सामग्री तैयार की जाएगी.
विशेष जरूरत वाले छात्रों को मिलेगा लाभ
SCERT के विशेषज्ञों के अनुसार ऑडियो बुक उन विद्यार्थियों के लिए ज्यादा उपयोगी होगी, जो सुनकर बेहतर तरीके से सीखते हैं. इससे भाषा ज्ञान, उच्चारण और पाठ की समझ मजबूत होगी. खासतौर पर दृष्टिबाधित और पढ़ने में कठिनाई महसूस करने वाले विद्यार्थियों को इस सुविधा से बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है.
वीडियो कंटेंट भी लगातार किया जा रहा तैयार
SCERT पहले से ही डिजिटल शिक्षा के लिए वीडियो कंटेंट तैयार कर रहा है. विभाग के स्टूडियो में करीब 6900 वीडियो बनाए जा चुके हैं, जिनकी अवधि लगभग 1 लाख 77 हजार मिनट है. इन वीडियो को पीएम ई-विद्या चैनल और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है.
सभी विषयों तक बढ़ाया जाएगा दायरा
वर्तमान में ऑडियो बुक की शुरुआत हिंदी विषय से हुई है, लेकिन आने वाले समय में गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों के लिए भी ऑडियो सामग्री तैयार की जाएगी. SCERT का लक्ष्य सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों तक डिजिटल शिक्षा के नए माध्यम पहुंचाना है, ताकि हर छात्र अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई कर सके.



