CG News: CG के खिलाड़ियों का इंतजार खत्म, 6 साल बाद जारी हुई उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची
CG News: छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य सरकार ने लंबे समय से लंबित प्रक्रिया को पूरा करते हुए वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर दिया है. चयनित खिलाड़ी प्रदेश के 20 अलग-अलग खेलों से जुड़े हुए हैं.

783 आवेदनों के बाद हुआ चयन
उत्कृष्ट खिलाड़ी दर्जे के लिए खेल विभाग को कुल 783 आवेदन मिले थे. इनमें वर्ष 2018-19 के 344 और वर्ष 2019-20 के 439 आवेदन शामिल थे. जांच प्रक्रिया के बाद 651 आवेदन योग्य पाए गए, जिसके बाद उच्चस्तरीय समिति की समीक्षा में 156 खिलाड़ियों के नामों को अंतिम मंजूरी दी गई.
सरकारी नौकरी में मिलेगा फायदा
उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बाद अब चयनित खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी के अवसर बढ़ जाएंगे. राज्य के सभी सरकारी विभागों में उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 2 प्रतिशत पद आरक्षित हैं. सूची जारी नहीं होने के कारण लंबे समय से इन पदों पर नियुक्तियां प्रभावित हो रही थीं.
कई खेलों के खिलाड़ियों को मिली पहचान
इस सूची में आर्चरी, बैडमिंटन, हॉकी, फेंसिंग, कराते, कयाकिंग-कैनोइंग, पैरा एथलेटिक्स, पैरा स्वीमिंग, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, नेटबॉल, वुशू, सॉफ्ट टेनिस, सॉफ्टबॉल और अन्य खेलों के खिलाड़ी शामिल हैं. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को अब सरकारी मान्यता मिलेगी.
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन
लंबे इंतजार के बाद उत्कृष्ट खिलाड़ी की सूची जारी होने से खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ा है. इस फैसले से न सिर्फ चयनित खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, बल्कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने में भी मदद मिलेगी.




