CG News: आदिवासी और दूरस्थ इलाकों में बढ़ेगी डिजिटल पहुंच, 2305 मोबाइल टॉवरों को मिलेगी मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ के आदिवासी, सुदूर और सीमावर्ती इलाकों में डिजिटल भारत निधि योजना के तहत 2305 नए मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे, दिल्ली में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की बैठक में इस योजना पर चर्चा हुई, केंद्रीय मंत्री ने टॉवरों को जल्द मंजूरी देने का भरोसा दिया, वहीं पहले स्वीकृत 577 टॉवरों में से अधिकांश स्थानों पर काम भी शुरू हो चुका है.
गांवों को मिलेगा हाई स्पीड इंटरनेट का लाभ
नई डिजिटल कनेक्टिविटी से ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और हाई स्पीड इंटरनेट की पहुंच बढ़ेगी, इससे छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई, युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे, किसानों को मौसम और बाजार की जानकारी समय पर मिलेगी, साथ ही टेलीमेडिसिन, बैंकिंग और सरकारी सेवाएं भी गांवों तक आसानी से पहुंच सकेंगी.
सड़क और बिजली परियोजनाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से बस्तर के दुर्गम क्षेत्रों के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में विशेष प्रावधान की मांग की, वहीं केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात कर बस्तर के 461 गांवों तक ग्रिड बिजली पहुंचाने के लिए 435 करोड़ रुपये की विशेष सहायता का प्रस्ताव भी सौंपा गया.
चावल परिवहन को लेकर केंद्र से अनुरोध
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से भी मुलाकात की, उन्होंने छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के जल्द उठाव और हर महीने पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि नई फसल के लिए गोदामों में जगह बन सके और धान खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित न हो.
विकास योजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार
राज्य सरकार का कहना है कि डिजिटल नेटवर्क, सड़क, बिजली और परिवहन जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी, इससे लोगों की शहरों पर निर्भरता कम होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा सरकारी सेवाओं तक पहुंच पहले से अधिक आसान और तेज हो सकेगी.




