CG News: छत्तीसगढ़ समेत प्रभावित राज्यों को केंद्र की मदद का आश्वासन, अमित शाह ने CM साय से की चर्चा
CG News: चक्रवात ‘अर्नब’ से पैदा हुई स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और ओडिशा के मुख्यमंत्रियों से चर्चा की. उन्होंने प्रभावित राज्यों में राहत और बचाव कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. इस दौरान आपदा से प्रभावित लोगों की परेशानियां कम करने और जरूरी मदद पहुंचाने पर जोर दिया गया.

NDRF और SDRF की टीमें राहत कार्यों में जुटीं
अमित शाह ने 29 अक्टूबर को सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि चक्रवात से बनी स्थिति को देखते हुए संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की गई है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल यानी NDRF और राज्य आपदा मोचन बल यानी SDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय हैं. आपदा के प्रभाव को देखते हुए संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय से काम किया जा रहा है, केंद्र सरकार की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन करने के लिए अंतर-मंत्रालयी टीमें भेजने की बात कही गई है. ये टीमें आपदा से हुए नुकसान की स्थिति का जायजा लेंगी. इसके बाद जरूरतों के आधार पर आगे की सहायता तय की जाएगी.

CM साय ने केंद्र के आश्वासन पर जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार की ओर से सहायता का भरोसा दिए जाने पर अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. राहत और बचाव कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से काम किया जा रहा है, राज्य सरकार की ओर से जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई गई है. चक्रवात के प्रभाव और नुकसान का आकलन होने के बाद राहत कार्यों तथा अतिरिक्त सहायता को लेकर आगे की तस्वीर स्पष्ट होगी.


One Response