CG News: रायपुर से दिल्ली के बीच एयर इंडिया की दोपहर की उड़ान फिर शुरू, अब रोजाना मिलेगी 7 उड़ानों की सुविधा
CG News: रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए एयर इंडिया की बंद पड़ी दोपहर की उड़ान सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है. जुलाई महीने में परिचालन संबंधी समस्याओं और अपरिहार्य कारणों के चलते एयर इंडिया ने अपनी तीन में से दोपहर 2 बजे वाली एक फ्लाइट का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया था. अब इस उड़ान के दोबारा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.

सुबह से रात 9 बजे तक मिलेगी विमान सेवा
फ्लाइट का संचालन दोबारा शुरू करने की आधिकारिक घोषणा के साथ ही टिकटों की बुकिंग भी प्रारंभ कर दी गई है. इस फ्लाइट के जुड़ने से अब रायपुर से दिल्ली मार्ग पर सुबह से लेकर रात 9 बजे तक कुल 7 डायरेक्ट उड़ानों (एयर इंडिया और इंडिगो) की सुविधा उपलब्ध हो गई है. इससे रायपुर और आसपास के यात्रियों के लिए दिल्ली यात्रा और अधिक सुलभ हो गई है.
7 फ्लाइट्स रहेंगी संचालित
रायपुर एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस की दिल्ली के लिए पूर्व से संचालित 4 नियमित उड़ानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा था और वे लगातार जारी थीं. वहीं एयर इंडिया की दो अन्य उड़ानें भी अपने निर्धारित समय पर चल रही थीं. अब दोपहर की बंद फ्लाइट शुरू होने के बाद एयर इंडिया की 3 और इंडिगो की 4 उड़ानों को मिलाकर कुल 7 फ्लाइट्स इस रूट पर अपनी सेवाएं दे रही हैं.
एक ही दिन में दिल्ली जाकर रायपुर लौटना हुआ बेहद आसान
रायपुर से दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा उड़ानों का विकल्प उपलब्ध होने के कारण बिजनेस क्लास, सरकारी अधिकारियों और आम यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा. फ्लाइट्स के बेहतर टाइम स्लॉट और सुबह से रात तक की कनेक्टिविटी के चलते अब लोग सुबह रायपुर से दिल्ली जाकर अपने जरूरी काम निपटाकर उसी दिन रात तक वापस लौट सकते हैं.
हवाई कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं में विस्तार
राजधानी रायपुर से दिल्ली मार्ग पर उड़ानों की संख्या बढ़ने से छत्तीसगढ़ की हवाई कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूती मिली है. त्यौहारों और आगामी व्यावसायिक सीजन को देखते हुए इस दोपहर की फ्लाइट का पुनः शुरू होना यात्रियों के लिए काफी सुविधाजनक साबित होगा. इससे न केवल हवाई सफर की सीटें बढ़ेंगी, बल्कि यात्रियों को समय के लचीले विकल्प भी मिल सकेंगे.


One Response