CG News: छत्तीसगढ़ में एआई तकनीक बनी सुरक्षा कवच, हाथी-मानव संघर्ष में आई बड़ी कमी
CG News: छत्तीसगढ़ में वन विभाग की एक नई और अभिनव पहल हाथी-मानव संघर्ष को कम करने में बड़ी सफलता साबित हो रही है. एआई आधारित एलीफेंट अलर्ट सिस्टम से अब ग्रामीणों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण दोनों को मजबूती मिली है, वन विभाग थर्मल सेंसर युक्त इन्फ्रारेड ड्रोन की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है. यह तकनीक घने जंगल और रात के अंधेरे में भी हाथियों की सटीक पहचान करने में सक्षम है.

समय रहते मिल रही चेतावनी
जैसे ही हाथियों का दल गांवों की ओर बढ़ता है, कंट्रोल रूम से ग्रामीणों और वनकर्मियों को तुरंत SMS, फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए अलर्ट भेज दिया जाता है. इससे लोग समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाते हैं, 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले ग्रामीण पहले ही सतर्क हो जाते हैं, जिससे हाथी-मानव संघर्ष की घटनाओं में कमी आई है. इससे जनहानि और फसल नुकसान दोनों में राहत मिली है.
वन्यजीव और मानव सुरक्षा का संतुलन
इस प्रणाली से हाथियों को भी सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने में मदद मिल रही है. इससे वन्यजीव संरक्षण और मानव सुरक्षा के बीच बेहतर संतुलन स्थापित हुआ है, यह AI आधारित एलीफेंट अलर्ट सिस्टम अब अन्य राज्यों के लिए भी एक मॉडल बन गया है. आधुनिक तकनीक और प्रशासनिक प्रयासों के संयोजन से छत्तीसगढ़ ने वन्यजीव संरक्षण में नई मिसाल कायम की है.

