CG News: CM साय ने कंवर समाज को दी बड़ी सौगात, कई शहरों में भवन निर्माण के लिए राशि घोषित
CG News: छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए. उन्होंने नई जिम्मेदारी संभालने वाले सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और समाज के विकास के लिए मिलकर काम करने की अपील की. मुख्यमंत्री ने कहा कि कंवर समाज तेजी से एकजुट हो रहा है और नई टीम से समाज को आगे बढ़ाने की उम्मीद है.

कई शहरों में भवन निर्माण के लिए राशि
समारोह में मुख्यमंत्री साय ने कंवर समाज के भवन निर्माण के लिए अलग-अलग स्थानों पर आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. रायपुर में समाज भवन के लिए 70 लाख रुपए, राजनांदगांव के लिए 25 लाख रुपए और झलफ खल्लारी के लिए 20 लाख रुपए देने की घोषणा की गई. इसके अलावा टीमोरा, खैरझीटी, नरकोरा महासमुंद और गरियाबंद में भवन निर्माण के लिए 10-10 लाख रुपए की सहायता देने की बात कही गई.

नई टीम से समाज को आगे बढ़ाने की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने प्रदेश अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी, कार्यकारी अध्यक्ष थान सिंह दीवान, महासचिव शिवकुमार कंवर, कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह कंवर सहित सभी पदाधिकारियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता लगातार मजबूत हो रही है. नई जिम्मेदारी संभालने वाले पदाधिकारियों से उम्मीद है कि वे समाज के विकास को नई गति देंगे और किसी भी स्तर पर प्रगति रुकने नहीं देंगे.
शिक्षा और सामाजिक विकास पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नंद कुमार साय ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि समाज को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास करने की जरूरत है. उन्होंने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि समाज का कोई भी बच्चा पढ़ाई से वंचित न रहे, इसके लिए मिलकर काम करना जरूरी है.
CM बनने के बाद बढ़ी समाज की जिम्मेदारी
नंद कुमार साय ने कहा कि वह पहले समाज के बीच यह बात रखते रहे हैं कि कंवर समाज से मुख्यमंत्री होना चाहिए. अब विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने के बाद समाज की जिम्मेदारी और बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न जनजातीय समुदायों की शिक्षा और उन्नति के लिए सरकार काम कर रही है, लेकिन समाज की भी जिम्मेदारी है कि वह विकास की इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाए.
यह भी पढ़ें : CG News: CM साय ने जे.पी. नड्डा से की मुलाकात, छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सेवाओं पर चर्चा


