CG News: छत्तीसगढ़ में 4 नए मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर को मंजूरी, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर बढ़ाने के लिए प्रदेश में चार नए औद्योगिक पार्क विकसित करने का निर्णय लिया है. मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में इन मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के प्रस्तावों को औपचारिक मंजूरी दी गई. सरकार का उद्देश्य निवेश को बढ़ावा देने के साथ उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
चार जिलों में स्थापित होंगे मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
राज्य स्तरीय समिति की बैठक में चार जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित करने के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई. इसके तहत राजनांदगांव के स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, धमतरी के पटेवा, जांजगीर-चांपा के धूम्रपाली और बस्तर के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे. इन परियोजनाओं से स्थानीय उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद है.
उद्योग और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि नए औद्योगिक पार्क बनने से प्रदेश में निवेश आकर्षित होगा और विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलेगी. आधुनिक औद्योगिक सुविधाओं के विकास से नए उद्योग स्थापित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की संभावना है, भारत औद्योगिक योजना केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसे छत्तीसगढ़ सरकार अपनी औद्योगिक विकास नीति के तहत प्रभावी ढंग से लागू कर रही है. इस योजना के माध्यम से राज्य में औद्योगिक परियोजनाओं को समयबद्ध मंजूरी देने और उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है.
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वित्त, आवास एवं पर्यावरण, वाणिज्य एवं उद्योग, ऊर्जा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग सहित कई प्रमुख विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए.
रोजगार और क्षेत्रीय विकास को मिलेगा लाभ
चार नए औद्योगिक पार्कों के निर्माण से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और छोटे एवं मध्यम उद्योगों को भी बेहतर माहौल मिलेगा. सरकार का लक्ष्य है कि इन परियोजनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को औद्योगिक विकास और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जाए.



