CG News: गंगरेल बांध में मिली 37 साल पुरानी भगवान नेमीनाथ की मूर्ति, जानिए पूरा मामला
CG News: धमतरी जिले के गंगरेल बांध में बोटिंग स्थल के पास भगवान नेमीनाथ की प्रतिमा मिलने से इलाके में चर्चा शुरू हो गई है, प्रतिमा मिलने की जानकारी सामने आते ही जैन समाज के लोग मौके पर पहुंचे और विधि-विधान के साथ इसे सुरक्षित स्थान पर ले गए, फिलहाल प्रतिमा को इतवारी बाजार स्थित श्री पार्श्वनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर में रखा गया है.

37 साल पुरानी बताई जा रही मूर्ति
जैन समाज के मुताबिक, मिली प्रतिमा करीब 37 साल पुरानी है, प्रतिमा की ऊंचाई लगभग 11 इंच बताई गई है और इसका निर्माण राजस्थान के जयपुर में हुआ था, समाज का अनुमान है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसे यहां लाकर छोड़ा होगा, हालांकि प्रतिमा गंगरेल बांध तक कैसे पहुंची, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है.
दो महीने तक सुरक्षित रखी जाएगी
जैन समाज ने प्रतिमा को फिलहाल करीब दो महीने तक सुरक्षित रखने का फैसला किया है, इस दौरान यदि कोई व्यक्ति प्रतिमा की पहचान या उससे जुड़ा उचित दावा लेकर सामने आता है तो उसके आधार पर आगे की प्रक्रिया की जाएगी, अगर कोई दावा सामने नहीं आता है तो प्रतिमा को गुजरात के पालीताना स्थित तीर्थ भंडार में जमा कराने की बात कही गई है.
धार्मिक परंपरा के अनुसार होगी आगे की प्रक्रिया
समाज के लोगों के अनुसार, जैन परंपरा में पुरानी या विसर्जन योग्य प्रतिमाओं को धार्मिक प्रक्रिया के तहत पालीताना क्षेत्र ले जाने की परंपरा रही है, इसी के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही जा रही है, हालांकि फिलहाल प्रतिमा को सुरक्षित रखा गया है और उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
पुलिस को भी दी गई जानकारी
गंगरेल बांध जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर भगवान नेमीनाथ की प्रतिमा मिलने के बाद स्थानीय लोगों में भी इसे लेकर चर्चा है, जैन समाज ने प्रतिमा को सुरक्षित रखने के साथ मामले की जानकारी पुलिस को भी दी है, अब पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि करीब 11 इंच की यह प्रतिमा गंगरेल बांध तक किस तरह पहुंची और इसे वहां किसने छोड़ा.

