CG News: 15 अगस्त पर मस्जिद, मदरसे और दरगाहों में फहरेगा तिरंगा, वक्फ बोर्ड ने जारी किए निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेशभर की मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है, बोर्ड के मुताबिक 15 अगस्त 2026 को सभी वक्फ संस्थाओं में देशभक्ति और आपसी भाईचारे की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया जाए, इसके लिए पहले जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है.

देशप्रेम और संविधान के सम्मान का संदेश
वक्फ बोर्ड ने कहा कि इस्लाम धर्म देश से प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है, इसलिए आजादी के पर्व पर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपना प्रेम व्यक्त करने के साथ संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए, बोर्ड ने मुस्लिम समाज से स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है.
गंगा-जमुनी तहजीब का दिया हवाला
बोर्ड ने भारत को सूफी-संतों की धरती बताते हुए कहा कि देश में अलग-अलग जाति, धर्म और पंथ के लोग लंबे समय से आपसी सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ रहते आए हैं, स्वतंत्रता दिवस को इसी एकता और भाईचारे की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया गया है.
तिरंगे और संविधान के सम्मान पर जोर
वक्फ बोर्ड ने कहा कि भारत का मुस्लिम समाज देश के प्रति प्रेम और संविधान के प्रति सम्मान रखता है, बोर्ड ने तिरंगा फहराने का विरोध करने वाले लोगों से समाज को सावधान रहने की बात भी कही, साथ ही यह अपील की कि कुछ लोगों के व्यवहार के आधार पर पूरे मुस्लिम समाज को संदेह की नजर से नहीं देखा जाना चाहिए.
मिल-जुलकर मनाएं स्वतंत्रता दिवस
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने मुस्लिम समाज से स्वतंत्रता दिवस को मिल-जुलकर मनाने की अपील की है, बोर्ड ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के जरिए देश की एकता, आपसी सौहार्द और भाईचारे की परंपरा को और मजबूत किया जाना चाहिए, साथ ही संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा और सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया गया है.

