CG News: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का अक्टूबर में आगाज, लोकल खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोफेशनल मंच
CG News: छत्तीसगढ़ में हॉकी खिलाड़ियों को प्रोफेशनल स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है. अक्टूबर में प्रस्तावित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए करीब 400 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है. चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें से 108 खिलाड़ियों को छह फ्रेंचाइजी टीमों में जगह दी जाएगी. मंगलवार को उप मुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने लीग के लोगो और मैस्कॉट का अनावरण किया.

खिलाड़ियों को मिलेगा खास प्रशिक्षण
लीग में चुने जाने वाले खिलाड़ियों को अनुभवी और ओलिंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे खेल की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा. प्रतियोगिता से पहले खिलाड़ियों के लिए 9 दिन का विशेष प्रशिक्षण कैंप भी आयोजित किया जाएगा. इससे स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोफेशनल माहौल में अपनी तकनीक, फिटनेस और फील्ड टैक्टिक्स सुधारने का मौका मिलेगा.
21 अक्टूबर से शुरू होने की तैयारी
आयोजकों के मुताबिक छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त राज्य-संचालित प्रोफेशनल लीग के तौर पर आयोजित किया जा रहा है. पहला सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक प्रस्तावित है. लीग के सभी मुकाबले सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे. प्रतियोगिता में छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी.
छह टीमों में दिखेगा छत्तीसगढ़ का टैलेंट
लीग में राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस मैदान में उतरेंगी. इन टीमों के नामों के जरिए रायपुर, बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर और सरगुजा क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है. वहीं गुरजंत सिंह, शमशेर सिंह, सुरेंदर कुमार, जसकरण सिंह और देविंदर वाल्मीकि जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के भी लीग से जुड़ने की जानकारी दी गई है.
लोकल खिलाड़ियों के लिए कितना बड़ा मौका
इस लीग की सबसे अहम बात प्रदेश के 108 खिलाड़ियों को मिलने वाला प्रोफेशनल अनुभव है. अनुभवी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी कमियां समझने और खेल में सुधार करने का अवसर मिल सकता है. अगर प्रतियोगिता आगे भी नियमित रूप से जारी रहती है और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तथा चयन शिविरों तक पहुंचने का रास्ता मिलता है, तो यह छत्तीसगढ़ में हॉकी के लिए मजबूत टैलेंट पाइपलाइन तैयार कर सकती है.
यह भी पढ़ें : CG News: छत्तीसगढ़ BJP को मिलेगा नया प्रभारी? स्मृति ईरानी समेत 4 नामों पर चर्चा तेज



