CG News: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता पर मंथन, 200 प्रबुद्ध नागरिक और विशेषज्ञ होंगे शामिल
CG News: छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता यानी UCC लागू करने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रक्रिया तेज कर दी है. इसके लिए शासन की ओर से गठित उच्चस्तरीय समिति अब विभिन्न वर्गों और विशेषज्ञों से सुझाव लेने की तैयारी कर रही है. सरकार का उद्देश्य सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और व्यावहारिक प्रारूप तैयार करना है.
-1776251888900.webp)
27 अगस्त को रायपुर में पहली बैठक
UCC को लेकर राज्य स्तरीय परिचयात्मक बैठक 27 अगस्त को रायपुर के न्यू सर्किट हाउस के कन्वेंशन हाल में आयोजित की जाएगी. इस बैठक में अलग-अलग क्षेत्रों से करीब 200 प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ शामिल होंगे. बैठक के दौरान समान नागरिक संहिता के संभावित प्रावधानों और इसके सामाजिक प्रभावों पर चर्चा की जाएगी.
कई मुद्दों पर होगा विचार-विमर्श
बैठक में UCC से जुड़े कानूनी, सामाजिक और व्यावहारिक पहलुओं पर विचार किया जाएगा. समिति विभिन्न क्षेत्रों से मिलने वाले सुझावों को प्रस्तावित प्रारूप तैयार करने में शामिल करेगी. सरकार की कोशिश है कि कानून का प्रारूप तैयार करते समय अलग-अलग वर्गों की राय और व्यावहारिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाए.
धार्मिक और सामाजिक समूहों से भी चर्चा
सरकार इस विषय पर केवल एक बैठक तक सीमित नहीं रहने वाली है. अलग-अलग चरणों में सामाजिक, धार्मिक, विधिक और अन्य समूहों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया जाएगा. इन समूहों से UCC के संभावित प्रावधानों को लेकर सुझाव और आपत्तियां भी सुनी जाएंगी, ताकि प्रारूप को व्यापक आधार दिया जा सके.
सुझावों के आधार पर तैयार होगा प्रारूप
उच्चस्तरीय समिति बैठकों के दौरान प्राप्त सुझावों और विशेषज्ञों की राय का अध्ययन करेगी. इसके आधार पर समान नागरिक संहिता के प्रस्तावित प्रारूप को व्यावहारिक और व्यापक स्वरूप देने पर विचार होगा. 27 अगस्त की बैठक को छत्तीसगढ़ में UCC की दिशा में प्रारंभिक लेकिन महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें : CG News: मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना: हॉस्टल नहीं मिला तो छात्रों को हर महीने मिलेंगे 3000 रुपए




