CG News: मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना: हॉस्टल नहीं मिला तो छात्रों को हर महीने मिलेंगे 3000 रुपए
CG News: छत्तीसगढ़ के शासकीय कॉलेजों में पढ़ने वाले SC, ST और OBC विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है. सरकारी हॉस्टल में सीट नहीं मिलने पर अब किराये और रहने के खर्च को लेकर छात्रों की परेशानी कम हो सकती है. राज्य सरकार जल्द ही मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना लागू करने की तैयारी में है, जिसके तहत पात्र विद्यार्थियों को कॉलेज के शहर के आधार पर हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी.

शहर के हिसाब से मिलेगी सहायता
योजना के तहत रायपुर में पढ़ने वाले पात्र छात्रों को हर महीने 3000 रुपए दिए जाएंगे. वहीं बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा जैसे संभागीय मुख्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को 2500 रुपए प्रतिमाह मिलेंगे. जिला और विकासखंड मुख्यालयों के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए यह राशि 2000 रुपए प्रतिमाह तय की गई है. सहायता साल में 10 महीनों के लिए तीन किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी.

छह साल तक मिल सकता है लाभ
इस योजना का लाभ स्नातक स्तर पर अधिकतम चार साल और स्नातकोत्तर स्तर पर दो साल तक लिया जा सकेगा. यानी पात्र विद्यार्थी अधिकतम छह वर्षों तक योजना का लाभ उठा सकते हैं. राज्य के 343 सरकारी कॉलेजों में करीब 2.88 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें लगभग 2.59 लाख छात्र SC, ST और OBC वर्ग से संबंधित हैं.
आय और मेरिट की शर्त जरूरी
योजना का लाभ उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से कम है. स्नातक में प्रवेश के लिए 12वीं में प्रथम श्रेणी और स्नातकोत्तर में प्रवेश के लिए स्नातक में कम से कम 55 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे. चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा. सरकारी या अनुदान प्राप्त हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थी इस सहायता के लिए पात्र नहीं होंगे.
हजारों छात्रों को मिल सकती है राहत
सरकारी हॉस्टलों में सीमित सीटों के कारण हर साल कई विद्यार्थियों को निजी कमरों में रहना पड़ता है. ऐसे में किराया, भोजन और अन्य खर्च आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं. मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना लागू होने के बाद पात्र छात्रों को रहने के खर्च में मदद मिलेगी और उच्च शिक्षा जारी रखने में आर्थिक बाधा कम होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें : CG News: महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन में बड़ा उछाल, शुल्क छूट का दिखा असर




