CG News: स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ पुलिस के 153 अधिकारी और जवान होंगे सम्मानित
CG News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस पदकों की घोषणा कर दी है. इस वर्ष छत्तीसगढ़ पुलिस के 153 अधिकारी और जवान अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किए जाएंगे. इनमें 141 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक, 10 को सराहनीय सेवा पदक और एक अधिकारी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा.

वीरता पदक पाने वाले प्रमुख अधिकारी
छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों में लंबे समय तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों को इस बार विशेष सम्मान मिला है. वीरता पदक पाने वालों में आईजी पी. सुंदरराज, आईजी इंदिरा कल्याण एलेसेला, एएसपी संदीप पटेल और एएसपी रॉबिंसन गुड़िया प्रमुख रूप से शामिल हैं. इन अधिकारियों ने चुनौतीपूर्ण इलाकों में अभियानों का नेतृत्व किया है.
नक्सल मोर्चे पर बेहतर नेतृत्व
आईजी पी. सुंदरराज को नक्सल विरोधी अभियानों का प्रभावी नेतृत्व करने और माओवादी नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई के लिए वीरता पदक दिया जाएगा. वहीं आईजी इंदिरा कल्याण एलेसेला को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में साहस और कुशल नेतृत्व के लिए सम्मानित किया जाएगा. एएसपी संदीप पटेल और एएसपी रॉबिंसन गुड़िया को भी विशेष अभियानों में बहादुरी के लिए वीरता पदक मिलेगा.
वरिष्ठ IPS अधिकारी को राष्ट्रपति पदक
विशिष्ट सेवा के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एमएल कोटवानी को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा. पुलिस सेवा में उनके लंबे अनुभव, प्रशासनिक क्षमता और उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उनका चयन किया गया है. इसके अलावा होमगार्ड और सिविल डिफेंस के अतिरिक्त कमांडेंट जनरल राजेश कुमार पांडेय को भी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक दिया जाएगा.
सराहनीय सेवा के लिए इन अधिकारियों का चयन
सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में कमांडेंट गायत्री सिंह, कमांडेंट ओम प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त डीसीपी डॉ. अर्चना झा, एएसपी दीपमाला कश्यप, डिप्टी कमांडेंट रमा पटेल, इंस्पेक्टर पिनाकी, डीएसपी सविता सिंह परिहार, असिस्टेंट कमांडेंट बृजेश कुमार तिवारी, कंपनी कमांडर राकेश कुमार सिंह और प्लाटून कमांडर नेहरू लाल शामिल हैं. स्वतंत्रता दिवस पर इन सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों की सेवाओं को सलाम किया जाएगा.

