CG News: रायपुर में गूंजी देशभक्ति की धुन, 100 युवा कलाकारों ने एक साथ दी शानदार प्रस्तुति
CG News: स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी रायपुर में देशभक्ति से जुड़ा खास कार्यक्रम आयोजित किया गया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में संस्कृति विभाग के सहयोग से हुए ‘आजादी की धुन’ समारोह में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे 100 युवा कलाकारों ने एक साथ लाइव बैंड प्रस्तुति दी, अलग-अलग वाद्ययंत्रों पर देशभक्ति की धुनों ने पूरे ऑडिटोरियम को राष्ट्रप्रेम के माहौल से भर दिया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कार्यक्रम में शामिल हुए और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया.

देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘आजादी की धुन’ सिर्फ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है, उन्होंने कहा कि संगीत लोगों की भावनाओं को जोड़ने की ताकत रखता है और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान गीतों, कविताओं और नारों ने भी देशवासियों में आजादी की चेतना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों को किया याद
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम में छत्तीसगढ़ के योगदान को याद करते हुए वीर नारायण सिंह और वीर गुण्डाधुर जैसे महान सेनानियों का उल्लेख किया, उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती ने ऐसे वीरों को जन्म दिया जिन्होंने अन्याय और ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष किया, उनके बलिदान और संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है.
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आजादी केवल अधिकारों का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प भी है, उन्होंने युवाओं से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की, मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के भविष्य को मजबूत बनाने में युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य बेहद महत्वपूर्ण है.
विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है, इसे पूरा करना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है, उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के साथ काम कर रही है, कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कलाकारों और युवाओं को हरेली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम बधाई दी.
यह भी पढ़ें : CG News: CM साय के स्वतंत्रता दिवस भाषण में युवाओं पर फोकस, रोजगार, भर्ती और AI को मिल सकती है बड़ी जगह
