CG News: छत्तीसगढ़ में 111 उप अभियंताओं को मिली नियुक्ति, विभाग ने जारी किए पदस्थापना आदेश
CG News: छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने 111 उप अभियंताओं की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं. इनमें 101 सिविल और 10 विद्युत तथा यांत्रिक शाखा के उप अभियंता शामिल हैं. नियुक्ति के साथ ही चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना भी तय कर दी गई है. सभी चयनित उम्मीदवारों को आदेश जारी होने के 15 दिनों के भीतर संबंधित कार्यालय में अनिवार्य रूप से ज्वाइन करना होगा, तय समय पर उपस्थित नहीं होने पर नियुक्ति निरस्त मानी जाएगी.

अप्रैल 2025 में हुई थी परीक्षा
इन पदों पर भर्ती के लिए व्यापम ने अप्रैल 2025 में लिखित परीक्षा आयोजित की थी. इसमें उप अभियंता सिविल के 118 और विद्युत तथा यांत्रिक के 10 पद शामिल थे. परीक्षा के बाद जुलाई 2025 में मेरिट सूची के आधार पर दस्तावेजों की जांच और पदस्थापना विकल्प के लिए काउंसलिंग कराई गई थी. हालांकि मामला सुप्रीम कोर्ट में जाने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी और काफी समय तक अटकी रही.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद नियुक्ति
सुप्रीम कोर्ट द्वारा 20 अगस्त 2026 को संबंधित याचिका का निराकरण किए जाने के बाद विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई. उप मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव के निर्देश पर 22 अगस्त को प्रथम चरण की अनुशंसित सूची के अनुसार 101 सिविल और 10 विद्युत तथा यांत्रिक उप अभियंताओं के पदस्थापना आदेश जारी किए गए. विभाग को उम्मीद है कि इससे तकनीकी कामकाज को और मजबूती मिलेगी.
जल जीवन मिशन को मिलेगी गति
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बड़ी संख्या में युवा इंजीनियरों की नियुक्ति पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि नए इंजीनियरों की तकनीकी क्षमता से विभागीय कार्यों को गति मिलेगी. खासतौर पर जल जीवन मिशन से जुड़े कार्यों में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी. लंबे समय से लंबित नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभाग को जमीनी स्तर पर अतिरिक्त तकनीकी मानव संसाधन उपलब्ध होगा.
ज्वाइनिंग के समय दस्तावेज जरूरी
विभाग ने चयनित उप अभियंताओं को ज्वाइनिंग के दौरान मूल दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए हैं. इनमें शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, स्थाई जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और सक्षम मेडिकल बोर्ड का स्वास्थ्य प्रमाण पत्र शामिल है. तकनीकी योग्यता के मूल प्रमाण पत्र के साथ जन्मतिथि के प्रमाण के लिए कक्षा दसवीं की अंकसूची या मूल जन्म प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा. निर्धारित समय सीमा के भीतर ज्वाइनिंग और दस्तावेज सत्यापन पूरा करना सभी चयनित अभ्यर्थियों के लिए जरूरी रहेगा.



