CG News: रायपुर में 13 KM की विशाल कांवड़ यात्रा, 10 हजार शिवभक्तों ने बाबा हटकेश्वरनाथ का किया जलाभिषेक
CG News: राजधानी रायपुर में रविवार को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 10 हजार शिवभक्त शामिल हुए. रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में निकली यह यात्रा गुढ़ियारी के मारुति मंगलम से शुरू होकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ मंदिर तक पहुंची. करीब 13 किलोमीटर की दूरी लगभग छह घंटे में पूरी की गई. यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं ने बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की.

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मार्ग
यात्रा में शिवभक्त एक समान परिधान में कांवड़ लेकर आगे बढ़े. डमरू, ढोल और धार्मिक जयघोष ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी कांवड़ उठाकर श्रद्धालुओं के साथ यात्रा में हिस्सा लिया. इस दौरान करीब 500 सेवादार व्यवस्थाओं में जुटे रहे, जबकि लगभग 40 स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने कांवड़ियों का स्वागत किया.

पांच नदियों के जल से हुआ कांवड़ पूजन
यात्रा शुरू होने से पहले 21 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कांवड़ पूजन कराया. इसके लिए छत्तीसगढ़ की पांच नदियों से पवित्र जल लाया गया था. पूजन और अभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने कांवड़ उठाकर बाबा हटकेश्वरनाथ के जलाभिषेक का संकल्प लिया. रास्ते में जगह-जगह प्रसादी, पेयजल और सेवा शिविर लगाए गए. कई स्थानों पर पुष्पवर्षा और भव्य स्वागत से यात्रा का उत्साह और बढ़ गया.
देशभर की संस्कृति और धार्मिक झांकियां बनी आकर्षण
कांवड़ यात्रा में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक विविधता भी देखने को मिली. अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने अघोरी प्रस्तुति, भरतनाट्यम, पारंपरिक बैंड, डमरू वादन और अन्य लोककलाओं की प्रस्तुति दी. यात्रा में शिव परिवार, राम दरबार, हनुमान, महाकाल, गणेश और अन्य धार्मिक झांकियां भी शामिल रहीं. अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों और छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को सांस्कृतिक रंग दिया.

भक्ति के साथ सामाजिक समरसता का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यात्रा को आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी इसे सनातन परंपरा और सामाजिक समरसता का बड़ा आयोजन बताया. राजेश मूणत ने कहा कि कांवड़ यात्रा में सभी लोग अपनी पहचान और पद से ऊपर उठकर सिर्फ शिवभक्त बनकर शामिल हुए. करीब छह घंटे की यात्रा के बाद जब हजारों कांवड़िए बाबा हटकेश्वरनाथ के दरबार पहुंचे, तो पूरा महादेव घाट हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा.
यह भी पढ़ें : CG News: रायपुर में अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना का आयोजन, श्रमिकों के 200 मेधावी बच्चों को मिला सम्मान



