CG News: 100 करोड़ के म्यूनिसिपल बॉन्ड से बदलेगी रायपुर की तस्वीर, दो बड़े प्रोजेक्ट तैयार
CG News: रायपुर की व्यस्त एमजी रोड पर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने नई योजना तैयार की है. डूमरतराई में निगम की दो एकड़ जमीन पर 5 मंजिला हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक मार्केट बनाया जाएगा. इस बाजार में 120 दुकानें और आधुनिक हाइड्रोलिक पार्किंग की सुविधा होगी, जिससे थोक कारोबार को नई जगह शिफ्ट किया जा सकेगा.
67 करोड़ का बनेगा फाइनेंशियल हब
नगर निगम शंकरनगर स्थित क्रिस्टल आर्किड में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट फाइनेंशियल हब भी विकसित करेगा. यहां बड़े कारोबारियों के दफ्तरों के साथ स्टार्टअप और नए उद्यमियों के लिए आधुनिक वर्कस्पेस और हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इसका उद्देश्य व्यापार और निवेश को नई गति देना है.
100 करोड़ का जारी होगा बॉन्ड
इन दोनों परियोजनाओं के लिए नगर निगम 100 करोड़ रुपये का म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की तैयारी कर रहा है. गाजियाबाद, इंदौर, पुणे और अहमदाबाद की तर्ज पर जुटाई गई राशि का उपयोग विकास कार्यों में किया जाएगा. यदि बॉन्ड सफल रहा, तो केंद्र सरकार से 13 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलने का भी प्रावधान है.
संशोधित प्रस्ताव तैयार कर रहा निगम
फिलहाल दोनों परियोजनाओं की शुरुआत में प्रशासनिक अड़चन आई है. नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने पहले भेजे गए प्रस्ताव में कुछ खामियां बताकर उसे वापस लौटा दिया है. अब नगर निगम संशोधित एस्टीमेट तैयार कर रहा है, ताकि प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जा सके.
डूमरतराई बनेगा नया थोक केंद्र
नगर निगम का दावा है कि नया इलेक्ट्रॉनिक मार्केट शुरू होने से एमजी रोड पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही, लोडिंग-अनलोडिंग और पार्किंग की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी. डूमरतराई पहले से ही रायपुर का प्रमुख थोक बाजार माना जाता है, जहां से खुदरा व्यापारी बड़ी संख्या में सामान खरीदने पहुंचते हैं.



